अखिलेश्वर तिवारी
बलरामपुर ।। जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने की मांग सबसे पहले जनसंघ के संस्थापक अध्यक्ष डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने की थी। इसके लिए वह जीवन के अंतिम क्षणों तक संघर्ष करते रहे। केन्द्र की मोदी सरकार ने अनुच्छेद 370 हटाकर डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपने को साकार किया है। अब पूरे देश में एक विधान, एक निशान व एक प्रधान का नारा सही मायने में फलीभूत हुआ है।
यह बातें भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मंत्री संतोष सिंह ने तुलसीपार्क स्थित भाजपा कार्यालय अटल भवन में प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजेपयी भी जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाना चाहते थे लेकिन दोनों सदन में बहुमत न होने के कारण वह सफल नहीं हो सके। डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी व अटल बिहारी वाजपेयी के सपने को पूरा करने का काम मोदी सरकार ने किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व गृहमंत्री अमित शाह ने यह साबित कर दिया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति हो तो कोई भी काम असंभव नहीं है।
तमाम विरोध व धमकियों के बावजूद मोदी सरकार ने जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाकर देश को एक सूत्र में पिरोने का काम किया है। अब मोदी सरकार की प्राथमिकता जम्मू कश्मीर व लद्दाख को विकास की मुख्य धारा से जोड़ने की है। श्रावस्ती के पूर्व सांसद दद्दन मिश्रा ने अनुच्छेद 370 हटाये जाने तथा जम्मू कश्मीर व लद्दाख को अलग-अलग केन्द्र शासित प्रदेश घोषित किए जाने की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री व गृहमंत्री को बधाई दी।
इस अवसर पर सदर विधायक पल्टूराम, तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ल, जिलाध्यक्ष राकेश सिंह, पूर्व अध्यक्ष चंद्र प्रकाश सिंह गुड्डू, क्षेत्रीय अध्यक्ष व्यापार प्रकोष्ठ अनूप चंद गुप्ता, महामंत्री अजय सिंह पिंकू, जिला मीडिया प्रभारी एवं संयोजक मीडिया विभाग डीपी सिंह, जिला उपाध्यक्ष प्रदीप सिंह व नगर अध्यक्ष बृजेन्द्र तिवारी सहित तमाम भाजपाई मौजूद रहे।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ