गन्ने के खेत में पड़ा मिला शव, खुलासे के लिए लगाई गयीं टीमें
ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। जिले के इटियाथोक थाना क्षेत्र के गिलौली गांव में बुधवार को धान की रोपाई करने गई एक महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। गुरूवार को सुबह उसका शव गांव से दो किमी दूर एक गन्ने के खेत में पड़ा मिला। परिजनों व ग्रामीणों ने महिला के साथ दुष्कर्म करके उसकी हत्या किए जाने की आशंका जताई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कराकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतका के ससुर की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। हत्यारों का सुराग लगाने के लिए डाग स्क्वायड की टीम भी मौके पर पहुंची और छानबीन की। अपर पुलिस अधीक्षक ने भी मौके पर पहुंच कर घटना की जानकारी ली और इटियाथोक पुलिस को मामले के जल्द खुलासे के निर्देश दिए।
थाना इटियाथोक अंतर्गत गिलौली गांव के मजरे सीरपुरवा की रहने वाली राजकुमारी (35 वर्ष) पत्नी प्रमोद कुमार बुधवार को दोपहर करीब तीन बजे धान रोपाई करने के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वह घर नहीं लौटी। घर न पहुंचने से परेशान महिला के ससुर बालकराम ने गांव वालों की सहायता से रातभर राजकुमारी की तलाश की, मगर उसका पता नहीं चल सका। सुबह गांव के बाहर स्थित पटेसर के गन्ने के खेत में महिला का शव पड़ा मिला।
गन्ने के खेत में शव मिलने से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई तो इटियाथोक थाने की पुलिस के साथ अपर पुलिस अधीक्षक महेंद्र कुमार व क्षेत्राधिकारी सदर महावीर सिंह मौके पर पहुंचे। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि महिला के शव के पास संघर्ष के निशान मिले हैं। हो सकता है कि हमलावर से महिला की भिड़ंत हुई हो। महिला के परिजनों व ग्रामीणों ने दुष्कर्म कर महिला की हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
हालांकि एएसपी ने माना कि प्रथम दृष्टया ऐसा लग रहा है कि महिला की गला घोंटकर हत्या की गई है। वहीं फॉरेंसिक व डॉग स्क्वायड टीम ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जांच की और हत्यारों का पता लगाने की कोशिश की। इस मामले में पुलिस ने महिला के ससुर बालकराम की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। अपर पुलिस अधीक्षक महेंद्र कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति साफ हो सकेगी। फिलहाल खुलासे के लिए टीमें लगा दी गई हैं।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ