शिवेश शुक्ला
प्रतापगढ | जनपद के तहसील रानीगंज के ग्राम पंचायत खरवई में चिनौरा तालाब का जिलाधिकारी मार्कण्डेय शाही ने औचक निरीक्षण किया जो 24 बीघा में फैला है। जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी रानीगंज को निर्देशित करते हुये कहा कि तालाब की जमीन की पैमाइश कराकर चिन्हांकन कराना सुनिश्चित करें।
चिन्हांकन के पश्चात् तालाब की जमीन के चारो तरफ तारों से घेरा बनाकर सौन्दर्यीकरण किया जाये। जिलाधिकारी ने जे0ई0एम0आई0 को इस कार्य हेतु स्टीमेट तैयार करने के लिये निर्देशित किया और मनरेगा योजना के अन्तर्गत तालाब के किनारे वृक्षारोपण किया जाये व मत्स्य पालक को पट्टा आवंटन की कार्यवाही व जल संभहरण केन्द्र के रूप में विकसित करने का निर्देश जिलाधिकारी ने दिया। तत्पश्चात् जिलाधिकारी ने रानीगंज तहसील के शिवसत में बन रहे 100 बेड अस्पताल व नवनिर्मित राजकीय इंजीनियरिंग कालेज का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को 100 बेड के अस्पताल के निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिये निर्देशित किया।
जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी रानीगंज को सेन्ट्रल ड्रग वेयरहाउस के निर्माण के लिये जमीन आवंटित करने के लिये निर्देशित किया। इसी प्रकार जिलाधिकारी ने विकास खण्ड बाबा बेलखरनाथ धाम के गौ-संरक्षण केन्द्र सांगापट्टी का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने 6 बीघा में निर्मित गौ-संरक्षण केन्द्र के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देशित करते हुये कहा कि गौ-संरक्षण केन्द्र के प्राकृतिक स्वरूप को बनाये रखा जाये ताकि वह यहां पर सहज वातावरण में रह सके और सहिजन के वृक्ष लगाये जाये जिससे कि यहां पर छाया बनी रहे और गो संरक्षण केन्द्र के किनारे-किनारे बांस के हाइब्रिड पौधे लगाने का भी निर्देश दिया जिससे कि प्राकृतिक स्वरूप बना रहे।
जिलाधिकारी ने खण्ड विकास अधिकारी को निर्देशित करते हुये कहा कि गो संरक्षण केन्द्र के निर्माण में जो भी आवश्यकता हो उसका स्टीमेट तैयार कराकर शीघ्र धनराशि अवमुक्त कराने के लिये निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय सांगापट्टी का भी निरीक्षण किया और विद्यालय के सौन्दर्यीकरण हेतु किये गये कार्यो की सराहना की। इस दौरान परियोजना निदेशक डी0आर0डी0ए0 दयाराम यादव, जिला सूचना अधिकारी विजय कुमार, खण्ड विकास अधिकारी बाबा बेलखरनाथ धाम उमेश कुमार यादव उपस्थित रहे।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ