संवाददाता
इटियाथोक, गोण्डा। प्राचीन ऐतिहासिक पृथ्वीनाथ शिव मंदिर के विशाल शिवलाट पर सावन माह के तीसरे सोमवार व नागपंचमी के अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। सोमवार को भोर से ही महिला-पुरुष श्रद्धालुओं की अलग अलग कतारें लग गईं। श्रद्धालुओं के ओम नमः शिवाय, बमबम भोले, जय महाकाल के उदघोष से पूरा मंदिर परिसर गुंजायमान रहा।
शिव भक्तों ने जल, दूध, बेलपत्र, पुष्प, शमी, भाँग, धतूर आदि के साथ जलाभिषेक व पूजन-अर्चन कर मनवांछित फल की कामनाएं कीं।
जलाभिषेक व पूजन अर्चन का सिलसिला दिनभर चलता रहा। महिलाओं ने व्रत रखकर धूप, दीप और नौवेद्य अर्पित किये। जलाभिषेक व पूजन अर्चन के बाद विभिन्न प्रकार की दुकानों पर युवतियों व बच्चों ने अपनी अपनी जरूरत की वस्तुओं की खरीदारी की।
खरगूपुर-पृथ्वीनाथ मार्ग पर हनुमानगढ़ी चौराहा से पुलिस ने मन्दिर तक चार स्थानों पर बैरियर बनाकर दो व चार पहिया वाहनों पर रोक लगा रखी थी, जिससे मन्दिर तक पहुंचने में श्रद्धालुओं को असुविधा नहीं हुई। वहीं कुछ शिव भक्तों ने मंदिर में महाशिवपुराण पाठ कर भंडारे का भी आयोजन किया।
मंदिर व परिसर की सुरक्षा के लिए थानाध्यक्ष सन्तोष कुमार तिवारी की अगुवाई में पीएसी के साथ ही निकटवर्ती थानों व स्थानीय पुलिस बल मौजूद रहा। सावन माह के आज तीसरे सोमवार को यहां बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने शांतिपूर्ण माहौल में जलाभिषेक तथा पूजन-अर्चन किया।



एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ