अखिलेश्वर तिवारी
बलरामपुर ।। जनपद बलरामपुर के राष्ट्रीय अधिवक्ता संघ के जिलाध्यक्ष जय प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में सेल्स एवं इन्कम टैक्स के वरिष्ठ अधिवक्ता इन्दुभूषण जयसवाल के आवास पर क्रांतिकारी विचार मंच की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला मुख्यालय पर ट्रैफिक जाम सहित तमाम समस्याओं पर चर्चा की गई ।
जानकारी के अनुसार बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि बलरामपुर नगर ट्रैफिक जाम की समस्या से अत्यंत त्रस्त है । इस जाम से निजात पाने के लिए रिंग रोड, बाईपास के साथ ही साथ नगर के बीचों बीच स्थित झारखंडी रेलवे क्रासिंग पर ओवर ब्रिज की नितांत आवश्यकता है। क्रांतिकारी विचार मंच के अध्यक्ष जय प्रकाश सिंह ने कहा कि अभी कुछ दिनों पूर्व तक चर्चा थी कि सारी रूपरेखा तैयार हो गई है । ओवर ब्रिज का निर्माण शीघ्र होने जा रहा है, लेकिन एकाएक खबर आई है कि ओवर ब्रिज के निर्माण को निरस्त कर दिया गया है। मंच के संयोजक इन्दुभूषण जयसवाल ने कहा कि इस रेलवे ट्रैक पर दिन प्रतिदिन रेलवे का आवागमन बढ़ते ही जाना है । ऐसे में बलरामपुर के विकास को रफ्तार देने के लिए झारखंडी रेलवे क्रासिंग पर ओवर ब्रिज अत्यंत आवश्यक है ।
वरिष्ठ अधिवक्ता व समिति के संरक्षक हरिवंश सिंह ने कहा कि ओवर ब्रिज का जो प्रपोजल विभिन्न जांच - परख के पश्चात स्वीकृत हो चुका था वो एकाएक किसी इन्जीनियर मात्र के रिपोर्ट से कैसे खारिज हो गया, ये शंका का विषय है। समिति के महामंत्री डाक्टर तुलसीश दुबे कहा कि क्रान्तिकारी विचार मंच "झारखंडी रेलवे क्रासिंग पर ओवर ब्रिज के निर्माण हेतु संघर्ष समिति" का निर्माण कर शासन प्रशासन से आग्रह करेगा कि इस योजना को पूरा किया जाए। समिति के सहसंयोजक कमलेश त्रिपाठी व कोषाध्यक्ष अम्बरीष शुक्ल ने कहा कि क्रांतिकारी विचार मंच बलरामपुर के समस्त सामाजिक, सांस्कृतिक एवं राजनीतिक संगठनों व आम जनमानस से सम्पर्क कर सभी के सहयोग की अपेक्षा के साथ बलरामपुर की अत्यंत महत्वपूर्ण आवश्यकता झारखंडी रेलवे क्रासिंग पर ओवर ब्रिज के निर्माण हेतु प्रत्येक स्तर पर संघर्ष करने जा रहा है।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ