ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। आगामी बारह अगस्त को बकरा ईद है। इस त्योहार तथा चल रहे सावन मास की संवेदनशीलता के मद्देनजर पुलिस अलर्ट है। पुलिस अधीक्षक आर. के. नैय्यर के निर्देश पर बकरीद की नमाज को लेकर मोतीगंज पुलिस भी पूरी तरह सतर्क और एक्टिव है। इसी के तहत कहोबा चौकी पुलिस ने गुरूवार और शुक्रवार को क्षेत्र की उन मस्जिदों तथा ईदगाहों का जायजा लिया जहां बकरा ईद की विशेष नमाज अदा की जानी है।
कहोबा चौकी प्रभारी सोम प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक आर. के. नैय्यर के निर्देश पर उन स्थानों (मस्जिदों व ईदगाहों) का जायजा लिया जा रहा है, जहां बकरा ईद की विशेष नमाज अदा की जाती है। उन्होंने बताया कि इस दौरान लोगों त्योहारों को आपसी प्रेम और भाईचारा के साथ मिल जुलकर मनाने की अपील की जाती है। इसके साथ ही लोगों से नमाज अथवा त्योहार को लेकर किसी भी तरह की दिक्कत या अन्य समस्या के बारे में भी पूछा जाता है जिससे समय से उनका निराकरण कराया जा सके। चौकी प्रभारी श्री सिंह ने कहा कि शांतिपूर्ण और भाईचारे के साथ त्योहारों को सम्पन्न कराने में जिसने भी बाधा डालने की कोशिश की, उसके साथ सख्ती से निपटा जाएगा और ऐसे असामाजिक एवं अराजकतत्व के विरूद्ध रासुका तथा गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि उनके साथ ही चौकी के हेड कांस्टेबल श्रवण कुमार ओझा, हेड कांस्टेबल संजीत सिंह, कांस्टेबल एकलाख, कांस्टेबल राकेश कुमार कन्नौजिया व किशन कुमार द्वारा क्षेत्र के सिसवरिया, काजीदेवर, कस्टुवा, कनौता, सोहांस आदि गांवों में स्थित मस्जिद, मदरसों एवं ईदगाह का भ्रमण कर जायजा लिया जा चुका है और यह प्रक्रिया लगातार जारी है।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ