अखिलेश्वर तिवारी
आलोक श्रीवास्तव अध्यक्ष व डॉ नितिन शर्मा बने सचिव
बलरामपुर ।। जनपद बलरामपुर जिला मुख्यालय स्थित रोटरी क्लब बलरामपुर ग्रेटर का पद ग्रहण समारोह कार्यक्रम अग्रवाल भवन में आयोजित किया गया । क्लब के 2019-20 के लिए आलोक श्रीवास्तव को अध्यक्ष तथा डॉ नितिन शर्मा को सचिव पद पर मनोनीत किया गया । मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन संजय अग्रवाल तथा विशिष्ट अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि साबान अली द्वारा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया ।
जानकारी के अनुसार रोटरी क्लब बलरामपुर ग्रेटर का इस वर्ष 18वां पद ग्रहण समारोह मनाया गया । रोटरी क्लब की परंपरा रही है की आगामी वर्ष के लिए अध्यक्ष सचिव का निर्धारण वर्तमान वर्ष में ही कर लिया जाता है । बगैर चुनाव कराए आपसी सहमति से अध्यक्ष व सचिव को मनोनीत करने की एक अच्छी व स्वस्थ परंपरा रोटरी क्लब में देखने को मिल रही है ।
वर्ष 2019 - 20 के लिए गत वर्ष 2018 - 19 के सचिव आलोक श्रीवास्तव का पदोन्नति करते हुए वर्ष 2019 - 20 के लिए अध्यक्ष मनोनीत किया गया है वही सचिव पद पर जिले के प्रतिष्ठित सेंट जेवियर्स हायर सेकेंडरी स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ नितिन शर्मा को मनोनीत किया गया । बर्ष 2018 - 19 के अध्यक्ष इंदु भूषण जैसवाल ने पिछले वर्ष कराए गए कार्यों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया वहीं वर्तमान वर्ष 2019 - 20 के कार्य योजना पर सचिव डॉ नितिन शर्मा ने विस्तार से प्रकाश डाला ।
वर्तमान अध्यक्ष आलोक अग्रवाल ने आए हुए सभी अतिथियों का स्वागत किया । मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन संजय अग्रवाल की अनुमति के बाद रोटेरियन सलमान जावेद द्वारा निवर्तमान अध्यक्ष व सचिव का कालर वर्तमान अध्यक्ष तथा सचिव को पहनाया गया । रोटरी क्लब की परंपरा के अनुसार कॉलर पहनाना ही पद ग्रहण कहलाता है । मुख्य अतिथि द्वारा अपने संबोधन में रोटरी क्लब के उद्देश्यों तथा कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई । उन्होंने सभी रोटरी क्लब के सदस्यों व पदाधिकारियों को बधाई देते हुए अपील किया कि रोटरी फाउंडेशन के लिए यथाशक्ति सहयोग राशि उपलब्ध कराएं ।
डॉक्टर देवेश चंद्र श्रीवास्तव, तुलसीदास तोलानी तथा वर्तमान अध्यक्ष आलोक अग्रवाल ने रोटरी फाउंडेशन के लिए सहायता राशि का चेक मुख्य अतिथि को प्रदान किया गया । फर्स्ट लेडी रोटेरियन पूनम अग्रवाल ने सभी रोटरी क्लब के सदस्यों से अनुरोध किया कि वह अपने धर्मपत्नी को भी रोटरी क्लब का सदस्य अवश्य बनाएं । असिस्टेंट गवर्नर पीयूष मित्तल ने क्लब के महत्व पर विस्तार से चर्चा किया ।कार्यक्रम के दौरान रोटेरियन डॉक्टर अब्दुल कयूम, आनंद उपमन्यु, अनूप सराफ, डॉक्टर जुबेर अहमद, उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष रमेश पहवा सहित तमाम रोटेरियन व उनके परिवार के लोग मौजूद थे ।
कार्यक्रम का सफल संचालन रोटेरियन संजय शर्मा द्वारा किया गया । कार्यक्रम के दौरान अच्छे कार्य करने के लिए शिक्षा के क्षेत्र, चिकित्सा के क्षेत्र व अन्य क्षेत्रों के लिए चुने हुए लोगों को प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया । क्लब के पदाधिकारियों द्वारा आए हुए अतिथियों तथा विशिष्ट लोगों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया । इससे पूर्व क्लब के सदस्यों तथा पदाधिकारियों द्वारा अतिथियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया गया ।
इंट्रैक्ट क्लब जेवियर ग्रेटर का हुआ गठन
रोटरी क्लब बलरामपुर ग्रेटर के अंतर्गत एक नई शाखा वर्तमान सचिव डॉ नितिन शर्मा द्वारा इंट्रैक्ट क्लब जेवियर ग्रेटर के नाम से स्थापित किया गया जिसके पहली अध्यक्ष के रूप में यसशवी सिंह व सचिव वैभवी दुबे तथा कोषाध्यक्ष के रूप में पीयूष को मनोनीत किया गया । यह सभी सेंट जेवियर्स हायर सेकेंडरी स्कूल के छात्र-छात्राएं हैं । मुख्य अतिथि रोटेरियन संजय अग्रवाल ने नई शाखा की स्थापना की सराहना करते हुए नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी और कहा कि निश्चित रूप से युवा अच्छा व सराहनीय कार्य करेंगे ।



एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ