ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। शनिवार को विकास खण्ड झंझरी अन्तर्गत ग्राम पंचायत बिरवा बभनी में एक करोड़ बीस लाख की लागत से बने वृहद गौ संरक्षण केन्द्र का विधायक सदर प्रतीक भूषण सिंह व सीडीओ आशीष कुमार ने लोकार्पण किया। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार आवारा गौवंशों से निजात दिलाने के लिए संकल्पित है और इसके लिए जिले में गौ संरक्षण केन्द्र बनवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकार्पित गौ संरक्षण केन्द्र चालू हो जाने से क्षेत्र के किसानों को आवारा गौवंशों से बड़ी राहत मिलेगी।
सीडीओ आशीष कुमार ने कहा कि बिरवा बभनी गौ संरक्षण केन्द्र का निर्माण कार्यदायी संस्था पैक्सफेड द्वारा किया गया है, जिस पर कुल एक करोड़ बीस लाख रूपए की लागत आई है। उन्होंने बताया कि वृहद गौ संरक्षण केन्द्र की बाउंड्रीवाल तथा तालाब आदि का काम मनरेगा से कराया गया है। इस वृृहद गौ संरक्षण केन्द्र में तीन सौ पशुओं को संरक्षित किया जा सकता है। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉक्टर आरपी यादव ने कहा कि रविवार से गौ संरक्षण केन्द्र में गौवंशों को संरक्षित करने का काम चालू कर दिया जाएगा। वहीं मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि शासन द्वारा प्रदेश के प्रत्येक जिले में एक-एक वृहद गौ संरक्षण केन्द्र बनवाया जा रहा है परन्तु गोण्डा में बिरवा बभनी के अतिरिक्त एक और वृहद गौ संरक्षण केन्द्र मनकापुर में बनेगा जिसके लिए शासन से स्वीकृति मिल गई है।
वृहद गौ संरक्षण केन्द्र के लोकार्पण के अवसर पर पशु पालन विभाग के निदेशक एसके श्रीवास्तव, नोडल अधिकारी डॉ. पीके श्रीवास्तव, ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि आशीष, पंडित सदानंद मिश्रा, सच्चिदानंद मिश्र, अमृतलाल मिश्र, रजनीश मिश्र, दीपचंद मिश्र दीपू, स्वामीनाथ मिश्र सहित क्षेत्र के तमाम गणमान्य व्यक्ति तथा अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ