ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। नशे में धुत युवक ने सिपाही पर मसाला खाकर थूक दिया। हद तो तब हो गई जब सिपाही से माफी मांगने के बजाय वह हाथापाई करने लगा, जिसमें सिपाही का हाथ टूट गया।
मामला कोतवाली करनैलगंज के कस्बा पुलिस चौकी का है। बीते गुरूवार की देर शाम करनैलगंज नगर से होकर सिधीं समाज के झूलेलाल का जूलूस गुजरना था। जूलूस को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए कस्बा चौकी के सिपाही सोनू यादव व विवेक की डयूटी लगायी गयी थी। दोनों सिपाही मौर्यनगर चौराहे पर तैनात थे। इसी बीच सन्नी नाम का एक युवक नशे की हालत में घूमता हुआ आया और अकारण ही पुलिस कर्मियों के कार्य में बाधा उत्पन्न करने लगा, जिस पर दोनों पुलिस कर्मियों ने जब उसे समझाने का प्रयास किया तो युवक ने गुटखा खाकर सिपाही पर थूक दिया। युवक की इस हरकत पर सिपाही अवाक रह गये और युवक को नसीहत देते हुए आगे से ऐसा न करने को कहा। इस बीच युवक ने अपने दूसरे साथी को भी बुला लिया और दोनों सिपाहियों से हाथापाई व गाली गलौज करने लगा। इसी दौरान हुई हाथापाई में सिपाही सोनू का दाहिना हाथ टूट गया।
चौकी प्रभारी कस्बा केके सिंह ने बताया कि सिपाही के साथ हुई मारपीट की घटना को गंभीरता से लेते हुए शुक्रवार को दोनों युवकों को हुजूरपुर मोड़ से पकड़ लिया गया। पकड़े गये युवकों का नाम सन्नी व अभिषेक निवासी रौतनपुरवा कोतवाली करनैलगंज बताया गया है। दोनों युवकों को पुलिस कोतवाली ले गयी जहां मुकदमा दर्ज कर जेल रवाना कर दिया गया। यह घटना लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ