छोटी बेटी सोना के साथ राष्ट्रपति भवन में राज्यसभा सदस्य की हुई शिष्टाचार भेंट
कुलदीप तिवारी
लालगंज, प्रतापगढ़। राज्य सभा में विपक्ष के उप नेता प्रमोद तिवारी एवं राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू के बीच संसदीय शिष्टाचार भेंट हुई। नई दिल्ली में गुरूवार की शाम राष्ट्रपति भवन में प्रमोद तिवारी ने राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू से निजी तौर पर पुराने बेहतर रिश्तों को लेकर मुलाकात की। राष्ट्रपति के साथ प्रमोद तिवारी की उच्चस्तरीय मुलाकात के समय प्रमोद तिवारी की छोटी सुपुत्री डॉ. विजयश्री सोना भी मौजूद रहीं। राष्ट्रपति से राज्य सभा सदस्य प्रमोद तिवारी की मुलाकात की जानकारी यहां लोगों को हुई तो शुक्रवार को समर्थक प्रसन्नचित दिखे। झारखण्ड की राज्यपाल रहते राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू तथा सांसद प्रमोद तिवारी के बीच शिष्टाचार के तहत विधायी मसलों पर वैचारिक आदान प्रदान भी होता रहा है। राष्ट्रपति ने मुलाकात के दौरान प्रमोद तिवारी के लम्बे विधायी एवं संसदीय अनुभवों की प्रशंसा करते हुए संसदीय लोकतंत्र में प्रभावी भूमिका को भी सराहा। विधायी एवं संसदीय मामलों के विशेषज्ञ के तौर पर राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने प्रमोद तिवारी से देश के संसदीय लोकतंत्र की प्रणाली को बेहतर बनाए रखने मे सकारात्मक योगदान जारी रखने की हौसला आफजाई भी की। वहीं राष्ट्रपति व प्रमोद तिवारी के बीच मुलाकात के दौरान वैश्विक परिवेश में भारत के गुटनिरपेक्ष तथा शांति एवं निःशस्त्रीकरण को लेकर प्रभाविकता पर भी विमर्श हुआ। वहीं मुलाकात के दौरान राष्ट्रपति ने प्रमोद तिवारी की छोटी सुपुत्री डॉ. विजयश्री सोना को भी शैक्षिक क्षेत्र में नित नए शोध प्रबंधन को लेकर भी निरंतरता बनाए रखने को लेकर प्रेरित किया। राष्ट्रपति के साथ हुई मुलाकात की जानकारी शुक्रवार को यहां मीडिया प्रभारी ज्ञानप्रकाश शुक्ल ने दी। वहीं राष्ट्रपति के साथ सांसद प्रमोद तिवारी की गर्मजोशी से हुई मुलाकात को लेकर समर्थकों में भी प्रसन्नता देखी गयी।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ