अखिलेश्वर तिवारी
जनपद बलरामपुर जिला मुख्यालय स्थित एमएलके पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम हॉल में सोमवार को वन नेशन वन इलेक्शन के लिए प्रबुद्ध जनों की गोष्ठी का आयोजन किया गया ।
28 अप्रैल को एक राष्ट्र एक चुनाव के तहत प्रबुद्ध समागम में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने कहा कि मोदी की सरकार देश में बड़े-बड़े फैसले ले रही है। देश को आज वन नेशन वन इलेक्शन की जरूरत है। पूरे देश में एक चुनाव होने से देश का विकास तेजी के साथ होगा। साथ ही भारत देश विकसित राष्ट्र में शामिल हो सकेगा।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि आजादी के बाद लोकसभा व विधान सभा के पूरे देश में करीब 400 चुनाव हो चुके हैं। आजादी के बाद से 1967 तक देश में एक ही चुनाव हुए हैं। 1967 के बाद कांग्रेस ने एक राष्ट्र एक चुनाव भंग कर दिया। भाजपा गांव-गांव तक एक राष्ट्र एक चुनाव का अभियान चला रही है। देश के सभी क्षेत्रीय व विभिन्न दलों से समर्थन लिया जा रहा है। संविधान में संशोधन के लिए 369 सांसदों का समर्थन जरूरी है। जिससे पूरे देश में एक राष्ट्र एक चुनाव कराया जा सके। भाजपा सरकार ने राम मंदिर निर्माण, नोट बंदी व धारा 370 जैसे देश के विषम मुद्दों को हल किया है। पीएम मोदी की इच्छा शक्ति से ही देश में बड़े-बड़े फैसले लिये जा रहे हैं।
मंत्री बोले कि देश में अलग-अलग चुनाव होने से मतदाता सूची में तमाम खामियां देखने को मिलती हैं। 25 से 30 प्रतिशत मतदाता सूची गलत पाए जाते हैं। मतदाता सूची का पुनर्निरीक्षण करने की जरूरत है। कहा कि कांग्रेस व क्षेत्रीय पार्टियां देश में भ्रम फैला रही हैं। क्षेत्रीय पार्टियों को भाजपा की ओर से खत्म करने का झूठ फैलाया जा रहा है। विपक्षी पार्टियां ईवीएम का रोना रो रही हैं। जबकि कांग्रेस की सरकार ने ही देश में ईवीएम से सर्व प्रथम चुनाव कराने का निर्णय किया था। मंत्री बोले कि कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में धर्म पूछकर लोगों की हत्या की गई, जिसे देश कभी बर्दाश्त नहीं करेगा। विश्व के सभी देशों ने आतंकवाद को खत्म करने में भारत का समर्थन किया है। पीएम मोदी आतंकवादियों व शाजिस कर्ताओं के खिलाफ बड़ा निर्णय लेंगे।
पाकिस्तान आज भूख से मर रहा है, लेकिन भारत के खिलाफ षडयंत्र करने से नहीं चूकता। कार्यक्रम में सदर विधायक पल्टूराम, तुलसीपुर के कैलाश नाथ शुक्ल, श्रीराम जन्मभूमि के पक्षकार राजेन्द्र सिंह, धीरेन्द्र प्रताप सिंह धीरू, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि श्याम मनोहर तिवारी, कार्यक्रम संयोजक पूर्व जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह आदि ने एक राष्ट्र एक चुनाव का समर्थन किया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा ने अतिथियों को धन्यवाद ज्ञापित किया। समागम में चिकित्सक, अधिवक्ता, पत्रकार, शिक्षक, व्यापारी व समाजसेवियों सहित सभी वर्गों के प्रतिनिधियों ने अपने विचार रखें । इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष बृजेन्द्र तिवारी, आद्या सिंह, कुसुम चौहान, जिला महामंत्री वरुण सिंह मोनू, बिन्दू विश्वकर्मा, जिला मंत्री अवधेश तिवारी तरुण, अजय सिंह पिंकू, नंदनी शुक्ला, साधना पाण्डेय, ललिता तिवारी, कुशाग्र सिंह, जिला मीडिया संयोजक अवधेश पाण्डेय, डीपी सिंह, डॉ प्रांजल त्रिपाठी, अक्षय शुक्ल व अब्दुल अजीज खान सहित सभी वर्गों के प्रबुद्ध जन मौजूद रहे।
एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ