गोंडा के मनकापुर में तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार महिला को ठोकर मार दिया, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने कार को कस्टडी में ले लिया है, चालक फरार है।
कृष्ण मोहन
उत्तर प्रदेश के गोंडा जनपद अंतर्गत मनकापुर क्षेत्र में तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से बाइक सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। जिसे तत्काल इलाज के लिए स्थानीय चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देकर जिला मुख्यालय रेफर कर दिया। वहां पहुंचते ही महिला ने दम तोड़ दिया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक गुरुवार के दोपहर बाद लगभग 3:30 बजे मनकापुर कोतवाली क्षेत्र के कूड़ासन बाजार में बाइक पर सवार होकर घर जा रही 40 वर्षीय महिला कार के चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गई। जिसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनकापुर पहुंचाया गया। जहां महिला की स्थिति को गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के उपरांत तत्काल जिला मुख्यालय रेफर कर दिया।
बेटे के साथ थी महिला
बलरामपुर जिले के रेहरा बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत भगवानपुर गांव के रहने वाले वीरेंद्र की 40 वर्षीय पत्नी नीता देवी अपने बड़े पुत्र रोहित के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर जा रही थी, जब वह मनकापुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत दतौली चौकी क्षेत्र के कूड़ासन बाजार में पहुंची थी, तभी पीछे से आई तेज रफ्तार कार ठोकर मार दिया।
केवाईसी करवाने आई थी महिला
बताया जाता है के बैंक खाते में केवाईसी अपडेट करवाना था, जिसको लेकर वह बेटे के साथ बैंक आई थी। जहां से वापस लौट कर घर जाने के दौरान हादसे की शिकार हो गई।
मौत की पुष्टि
नीता देवी के मौत की पुष्टि करते हुए मृतका के पिता रतीराम ने बताया कि बेटी को तत्काल मनकापुर अस्पताल से जिला मुख्यालय पहुंचाया गया था। जहां पर चिकित्सकों ने बताया है कि उसकी मौत हो चुकी है।
मचा कोहराम
नीता के मौत की जानकारी मिलते ही बेटे रोहित और प्रिंस का रो-रो कर बुरा हाल है। महिला के मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
बोले चौकी इंचार्ज
मामले में दतौली चौकी इंचार्ज सत्य प्रकाश ने बताया कि दुर्घटना के बाद लोगों ने महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया था, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है। कार कब्जे में ले लिया गया है, दुर्घटना के बाद कार चालक फरार हो गया है। शिकायती पत्र मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ