अखिलेश्वर तिवारी
जनपद बलरामपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग 730 बौद्ध परिपथ पर बाईपास पर निर्माणाधीन चौराहे का नाम ‘परशुराम चौराहा’ रखे जाने की मांग सातवें दिन और तेज हो गई। सामाजिक कार्यकर्ता शिवांशु शुक्ला के नेतृत्व में चल रहे हस्ताक्षर अभियान को उस समय नया बल मिला जब पूर्व सांसद जिला पंचायत अध्यक्ष श्रावस्ती दद्दन मिश्र से प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की।
पूर्व सांसद ने जिला प्रशासन से आवश्यक कार्रवाई कर शीघ्र नामकरण सुनिश्चित कराने की बात कही और आश्वस्त किया कि वह मुख्यमंत्री से भी इस संबंध में पत्राचार करेंगे। शिवांशु शुक्ला ने 25 फरवरी को बताया कि 17 फरवरी से शुरू इस अभियान में बड़ी संख्या में लोगों ने हस्ताक्षर कर समर्थन दिया है। कुछ दिन पूर्व जिलाधिकारी कृष्ण करुणेश एवं महेंद्र कुमार को ज्ञापन सौंपा गया था। संबंधित स्थल पर निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है, लेकिन अब तक नाम घोषित नहीं हुआ है। इसे लेकर पूर्व सांसद से औपचारिक अनुरोध किया गया। अभियान के समर्थन में अखिल भारतीय ब्राह्मण जन कल्याण समिति के जिला अध्यक्ष रामनरेश त्रिपाठी, संरक्षक सेतुबंध त्रिपाठी, भाजपा नेता पिंटू मिश्रा, मुस्ताक, हंसराज विश्वकर्मा, ऋषि पांडे, संतोष कुमार पांडे, डॉ. अजय शुक्ला, अरविंद सिंह, पवन सिंह ने खुलकर समर्थन दिया। वहीं समाजसेवी भाजपा नेत्री पम्मी पांडेय, पंकज मिश्रा, रजनीश शुक्ला सहित अन्य लोगों ने भी पूर्व सांसद से मुलाकात कर नामकरण में विलंब न किए जाने की मांग उठाई। अभियान से जुड़े लोगों का कहना है कि क्षेत्र की जन आस्था और पहचान को देखते हुए चौराहे का नाम ‘परशुराम चौराहा’ रखा जाना चाहिए। इसी क्रम में पोस्टकार्ड अभियान भी चलाया जा रहा है, जिसके तहत अब तक 80 पोस्टकार्ड मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री को भेजे जा चुके हैं। समर्थकों ने स्पष्ट किया कि जब तक नामकरण की आधिकारिक घोषणा नहीं होती, तब तक यह जन अभियान जारी रहेगा।
एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ