अखिलेश्वर तिवारी
जनपद बलरामपुर में नवनिर्मित स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय एवं संयुक्त जिला चिकित्सालय बलरामपुर स्थित रक्तकेंद्र द्वारा शनिवार को रक्तदाताओं एवं रक्तदान शिविर आयोजित करने वाली विभिन्न संस्थाओं व संस्थानों का सम्मान समारोह भव्यता के साथ आयोजित किया गया। इस समारोह में स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ राजेश कुमार चतुर्वेदी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ मुकेश रस्तोगी, संयुक्त जिला चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ राज कुमार वर्मा, रक्त केंद्र की प्रभारी डॉ आकांक्षा शुक्ला सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
28 फरवरी को आयोजित सम्मान समारोह में वर्ष 2025-26 में रक्तदान शिविर का आयोजन करने वाली विभिन्न संस्थाओं व संस्थानों में एस एस बी की 9वीं एवं 50वीं वाहिनी, निफा की जिला ईकाई बलरामपुर, अग्रवाल सभा, लायंस क्लब, रोटरी क्लब ग्रेटर, विष्णु वल्लभ फाउंडेशन बलरामपुर,रामकृष्ण सेवा फाउंडेशन अयोध्या, अग्रसेन सेवा समिति पचपेड़वा, गायत्री मंदिर परिवार, बलरामपुर चीनी मिल, अमर उजाला सहित लगभग 50 संस्थाओं व संस्थानों को सम्मानित किया गया।
व्यक्तिगत रक्तदान श्रेणी के रक्तदाताओं में बलरामपुर के चर्चित ब्लडमैन आलोक अग्रवाल, ए सी एम ओ डॉक्टर अजय शुक्ला, दिलजीत कौर, वैभव त्रिपाठी, अविनाश कुमार पाण्डेय, आशीष अग्रवाल, विनीत सिंह, गुरुअंश सिंह, अनुज अग्रवाल, रवि गुप्ता व आयुष अग्रवाल सहित कुल 19 लोगों को सम्मानित किया गया। व्यक्तिगत रक्तदाताओं में जिनके किसी संस्था के शिविर के माध्यम से 15 या उससे अधिक रक्तदान हो चुके हैं उन सभी को सम्मानित किया गया। सभी को अंगवस्त्र, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर उनका सम्मान किया गया। जनपद बलरामपुर में रक्तदान शिविर आयोजित करने में प्रथम स्थान पर सबसे अधिक रक्त संग्रह जनपद के ब्लडमैन आलोक अग्रवाल द्वारा 180 यूनिट किया गया, जिसके लिए उनका विशेष सम्मान किया गया। उनके द्वारा वर्ष 2025 में व्यक्तिगत रूप से भी चार बार रक्तदान किया गया। द्वितीय स्थान पर एस एस बी की दोनों वाहिनी द्वारा 65 यूनिट एवं तृतीय स्थान पर अग्रसेन सेवा समिति पचपेड़वा द्वारा 61 यूनिट का रक्त संग्रह किया गया। अयोध्या की राम कृष्ण सेवा फाउंडेशन के अध्यक्ष आकाश गुप्ता एवं महासचिव विजय वर्मा का विशेष सम्मान किया गया जिनके द्वारा विगत दो वर्षों से आयोजित रक्तदान महोत्सव में बलरामपुर ब्लड बैंक को आमंत्रित करते हुए रक्त संग्रह कराया गया। सम्मान समारोह कार्यक्रम का सफल संचालन विकास पांडेय एवं सोनम तिवारी द्वारा किया गया। कार्यक्रम आयोजित करने में रक्तकेंद्र के लैब टेक्नीशियन सी पी श्रीवास्तव, काउंसलर हिमांशु तिवारी सहित अशोक पांडेय, अंजली सिंह, अजीत श्रीवास्तव, अभिषेक सिंह एवं अन्य का विशेष योगदान रहा।
एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ