अखिलेश्वर तिवारी
जनपद बलरामपुर में नवनिर्मित मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर रवि शंकर सिंह ने शनिवार को माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यो के साथ बैठक की ।
7 मार्च को सायं 3 बजे मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय, बलरामपुर के कुलपति प्रोफेसर (डॉ.) रविशंकर सिंह ने जगतजीत इंटर कॉलेज, इकौना, श्रावस्ती में श्रावस्ती जनपद के समस्त माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं प्रधानाध्यापकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में कुलपति ने विश्वविद्यालय में प्रारम्भ किए गए शैक्षणिक कार्यक्रमों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी तथा विश्वविद्यालय में खोले जाने वाले विभिन्न संकायों एवं विभागों के बारे में भी विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि श्रावस्ती जनपद की स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए उपयोगी एवं रोजगारपरक पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव परमानन्द सिंह भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारम्भ कुलपति द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात् संस्थापक स्वर्गीय रामकुमार खरे की प्रतिमा पर भी पुष्पांजलि अर्पित की गई। तत्पश्चात् सभाकक्ष में कुलपति का औपचारिक स्वागत विद्यालय के प्रधानाचार्य रामबिहारी वाजपेयी द्वारा किया गया तथा उन्होंने वाचिक स्वागत भी प्रस्तुत किया। प्रधानाचार्य परिषद के अध्यक्ष ज्योति प्रकाश पाण्डेय ने भी महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का आभार ज्ञापन उच्च शिक्षा, श्रावस्ती के नोडल अधिकारी एवं महामाया राजकीय महाविद्यालय श्रावस्ती के प्राचार्य डॉ. धर्मेन्द्र गुप्त द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संचालन दिवाकर पाण्डेय ने किया। बैठक में प्रमुख रूप से राजेश यादव, प्रदीप श्रीवास्तव, दिनेश कुमार मिश्र, मनीष यादव व तुषार सत्या सहित अन्य कई प्रधानाचार्य एवं शिक्षक उपस्थित रहे।
एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ