अखिलेश्वर तिवारी
जनपद बलरामपुर के विकास खंड तुलसीपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत रजवापुर के ग्राम लक्ष्मणपुर में बुधवार को शाश्वत सेवार्थ समिति द्वारा सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ाते हुए निशुल्क नेत्र परीक्षण एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। यह शिविर पन्ना लाल सरावगी लाइंस नेत्र चिकित्सालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपने नेत्रों की जांच कराई।
18 मार्च को आयोजित नेत्र परीक्षण शिविर में आसपास के गांवों से आए सैकड़ों ग्रामीणों, विशेषकर वृद्धजनों ने अपनी आंखों की जांच करवाई। नेत्र चिकित्सालय की टीम के सदस्य शुभम सिंह द्वारा लोगों के नेत्रों की बारीकी से जांच की गई और उन्हें उचित परामर्श दिया गया। जांच के दौरान 10 व्यक्तियों में मोतियाबिंद की समस्या पाई गई, जिनका निशुल्क ऑपरेशन पन्नालाल सरावगी नेत्र चिकित्सालय में विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. अरुण कुमार द्वारा सफलतापूर्वक किया गया। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को न केवल नेत्र जांच की सुविधा मिली, बल्कि उन्हें आंखों की देखभाल और समय-समय पर जांच कराने के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया। ग्रामीणों ने संस्था के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार के सेवा कार्य ग्रामीण क्षेत्रों में अत्यंत आवश्यक हैं और इससे जरूरतमंद लोगों को बड़ी राहत मिलती है। कार्यक्रम के दौरान शाश्वत सेवार्थ समिति के अध्यक्ष योगेश तिवारी ने बताया कि संस्था का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद, गरीब एवं बुजुर्ग लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी संस्था इसी प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रमों का आयोजन करती रहेगी, जिससे अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिल सके। इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष योगेश तिवारी, अनुराग पांडेय, आशीष पांडेय, आर्यन, अनुपम पांडेय, कैंप ऑर्गेनाइज़र अजय सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे । सभी ने कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना सहयोग दिया ।
एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ