अखिलेश्वर तिवारी
जनपद बलरामपुर में आर्यवीर दल द्वारा बुधवार को नववर्ष की पूर्व संध्या पर विशाल शोभायात्रा निकाली गई । शोभायात्रा में बड़ी संख्या में सनातनी शामिल हुए ।
18 मार्च को हम अब अंग्रेजों के नहीं गुलाम, गुलामी नव वर्ष से हमारा क्या है काम । दारू ना हाथ लगाएंगे, यहम हवन से अपना नववर्ष मनाएंगे । कुछ इस प्रकार के स्लोगन के साथ बलरामपुर की सड़कों पर शक्ति प्रदर्शन करते हुए आर्य वीर वीरांगनाओं की भव्य शोभायात्रा निकाली गई । अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ । बरेली से आए हुए पंडित भानु प्रकाश शास्त्री ने "भारत मां शेरावाली है" देश भक्ति गीत के साथ उपस्थित समुदाय को देशभक्ति के रंग में रंग दिया । हरिद्वार से आए हुए स्वामी वेदामृतानंद ने नव वर्ष पर प्रकाश डालते हुए बताया कि आज से ठीअ 1,96,08,53,126 वर्ष पूर्व सृष्टि बनी थी, इसलिए इसे सनातन नव वर्ष कहते हैं । इस दिन ही विक्रम संवत आरंभ हुआ था, इस दिन ही राम राज्य की स्थापना हुई थी तथा इसी पखवाड़े में भगवान श्री राम का जन्म भी हुआ था । महर्षि दयानंद ने इसी दिन मुंबई में आर्य समाज की स्थापना भी किया था । इसी दिन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक डॉ. केशव राव बलिराम हेडगेवार का जन्म भी हुआ था । इस दिन सृष्टि में एक नवीनता दिखाई देती है । भजन प्रवचन के बाद ओम ध्वज हाथ में लिए हुए आर्य वीरों ने नगर के प्रमुख मार्गो से होते हुए नव वर्ष के स्वागत में शोभायात्रा निकाला । शामली से आए हुए राजकुमार आर्य तथा बहराइच के सत्यनारायण आर्य द्वारा 10 दिनों से प्रशिक्षित आर्य वीर वीरांगनाओं ने बलिदानी पार्क, पंडित केशव राम शुक्ला चौराहा, सिटी पैलेस, मेजर चौराहा, पुराना चौक, वीर विनय चौक तथा तुलसी पार्क सात प्रमुख स्थानों पर लाठी, लेझियम, डंबल, पिरामिड, मानव पुल इत्यादि का जबरदस्त प्रदर्शन किया । तुलसी पार्क में ध्वज अवतरण गीत के साथ शोभायात्रा का समापन किया गया । शोभायात्रा समापन के बाद सनातन सहभोज का कार्यक्रम हुआ । आर्य विद्वानों ने आर्यवीर वीरांगनाओं तथा मीडिया को सम्मान पत्र पत्र भेंट करके सम्मानित भी किया । शोभा यात्रा का नेतृत्व स्वामी ओमानंद, राम फेरन मिश्र, चंद्रकेतु आर्य, राजेश कुमार मिश्रा, सुरेश कुमार मिश्रा, मनोज मिश्रा, राम मणि सोनकर, सहज राम गिरी ने किया । कार्यक्रम में सैकड़ो लोग उपस्थित रहे । कार्यक्रम संयोजक आर्यवीर दल उत्तर प्रदेश के प्रचार मंत्री आर्य अशोक तिवारी ने बताया कि कुछ विशेष कारण से इस वर्ष डीएवी इंटर कॉलेज बलरामपुर में आर्य वीर दल का प्रशिक्षण शिविर नहीं लगाया जा सका, इसलिए गुरुकुल श्रावस्ती में शिविर लगाया गया, जहां छोटे-छोटे बच्चों ने प्रशिक्षण लेकर ऐतिहासिक प्रदर्शन किया । श्री तिवारी ने आगे बताया कि बिना फोन किए केवल सोशल मीडिया से सूचित होकर इतने सनातन प्रेमियों का इकट्ठा हो जाना सनातन जागरण का एक ठोस प्रमाण है । उन्होंने शोभायात्रा में भाग लेने आए हुए सभी सनातन प्रेमियों का आभार व्यक्त किया ।
एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ