अखिलेश्वर तिवारी
जनपद बलरामपुर में एमएलके पीजी कॉलेज के वनस्पति विज्ञान विभाग में शुक्रवार को सम्मान समारोह आयोजित किया गया ।
17 अप्रैल को वनस्पति विज्ञान विभाग सभागार में वनस्पति विज्ञान से परास्नातक कर चुकी नेट जेआरएफ (NET JRF) (नेशनल एलिजिबिलिटी टेस्ट जूनियर रिसर्च फेलोशिप) उत्तीर्ण छात्रा के सम्मान में विशेष समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में महाविद्यालय प्रबंध समिति के सचिव रिटायर्ड कर्नल संजीव कुमार वार्ष्णेय मौजूद रहे । महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर जे पी पांडेय ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की । समारोह का शुभारंभ विभागाध्यक्ष डॉ. राजीव रंजन के स्वागत उद्बोधन से हुआ।
उन्होंने छात्र-छात्राओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि खान यासमीन ने नेट जेआरएफ उत्तीर्ण करके वनस्पति विज्ञान विभाग एवं महाविद्यालय का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत, समर्पण और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने बताया कि खान यासमीन ने इसी महाविद्यालय से स्नातक एवं परास्नातक की शिक्षा प्राप्त की है तथा वे ग्रामीण अंचल के मध्यमवर्गीय परिवार से संबंध रखती हैं।
उन्होंने परास्नातक वनस्पति विज्ञान मे भी गोल्ड मेडल प्राप्त कर विभाग का मान बढ़ाया था । यह उपलब्धि विभाग एवं महाविद्यालय के लिए गर्व का विषय है। मुख्य अतिथि रिटायर्ड कर्नल संजीव कुमार वार्ष्णेय ने अपने आशीर्वचन में छात्रा को भविष्य में आने वाली सभी चुनौतियों के समाधान हेतु मार्गदर्शन एवं सहयोग का आश्वासन दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्राचार्य प्रोफेसर जे पी पांडेय ने उत्तीर्ण छात्रा को शील्ड प्रदान करते हुए कहा, कि “छात्र छात्राओं की यह सफलता न केवल उनके करियर के लिए मील का पत्थर है, बल्कि अन्य छात्र-छात्राओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है। हम आशा करते हैं कि वे भविष्य में भी इसी प्रकार सफलता की ऊंचाइयों को प्राप्त करेंगी और महाविद्यालय का नाम रोशन करेंगी।
सम्मानित छात्रा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने शिक्षकों को देते हुए सभी का आभार व्यक्त किया। समारोह का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ । डॉ. मो. अकमल ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया तथा छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. शिव महेंद्र सिंह ने किया। इस अवसर पर राहुल कुमार व राहुल यादव सहित छात्र-छात्राएं व कई अन्य लोग उपस्थित रहे।
एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ