अखिलेश्वर तिवारी
जनपद बलरामपुर में एमएलके पीजी कालेज के वनस्पति विज्ञान विभाग में गुरुवार को एम एससी प्रथम वर्ष के छात्र-छात्राओं द्वारा अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के सम्मान में भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर जे पी पांडेय ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में महाविद्यालय प्रबंधतंत्र के सचिव, सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट कर्नल संजीव कुमार वार्ष्णेय उपस्थित रहे।
16 अप्रैल को आयोजित विदाई समारोह का शुभारंभ प्राचार्य प्रो जे पी पांडेय, सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट कर्नल संजीव कुमार वार्ष्णेय, विशिष्ट अतिथि प्रो पी के पांडेय, निदेशक शोध, विकास एंव आचार्य शिक्षा शास्त्र, प्रो देवेश रंजन आचार्य मैनेजमेंट प्रबंधन, डॉ सुरेन्द्र कुमार आचार्य शिक्षा शास्त्र एवं विभागाध्यक्ष डॉ. राजीव रंजन द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर पुष्पार्चन एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात विभागाध्यक्ष डॉ. राजीव रंजन ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों का अभिनंदन किया तथा अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने बताया कि विभाग के छात्र प्रतिवर्ष विश्वविद्यालय में स्वर्ण पदक अर्जित करते रहे हैं तथा CSIR NET JRF जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में भी सफलता प्राप्त कर रहे हैं। विदाई प्राप्त कर रहे छात्र-छात्राओं को शिक्षकों एवं जूनियर विद्यार्थियों ने भावभीनी शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने गीत, कविताएं एवं नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में उत्साह का संचार किया। सौम्या सिंह, बसंती एवं अदिति ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम का सफल संचालन इपशिता द्वारा किया गया।
समारोह में “मिस्टर फेयरवेल” का खिताब रजीउल्लाह तथा “मिस फेयरवेल” का खिताब प्रिंसी को प्रदान किया गया। अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य प्रो. जे. पी. पांडेय ने छात्रों को मेहनत, अनुशासन एवं समर्पण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। मुख्य अतिथि प्रबंध सचिव ने विभाग अध्यक्ष द्वारा रखे गए स्मार्ट क्लास की मांग को स्वीकृति प्रदान की । उन्होंने छात्र-छात्राओं की प्रस्तुति तथा उत्साह व अनुशासन की भी प्रशंसा किया ।
विशिष्ट अतिथि प्रोफेसर पीके पांडेय ने सभी छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं दी और निरंतर आगे बढ़ते रहने का आशीर्वाद दिया । उन्होंने छत्र-छात्राओं को जीवन में प्रगति के पद पर अग्रसर होने के कई टिप्स भी बताए । कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर छात्र-छात्राओं द्वारा सभी अतिथियों का रोली चंदन टीका के साथ पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया । छात्र-छात्राओं ने सभी अतिथियों का मल्यार्पण कर सम्मान किया । डॉ. शिव महेंद्र सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। यह आयोजन न केवल एक यादगार पल बन गया, बल्कि छात्रों के दिलों में हमेशा के लिए बस गया। समारोह विभाग के अन्य प्राध्यापक—डॉ. मो. अकमल, डॉ. श्रवण कुमार एवं डॉ. वीर प्रताप सिंह की उपस्थिति ने सम्पन्न हुआ । समारोह में अदित्य त्रिपाठी, दीपांजलि, रिचा, वसन्ती तथा मो० फैज ने अपनी प्रस्तुति दी । मंच का संचालन इप्शिता ने किया ।
एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ