अखिलेश्वर तिवारी
जनपद बलरामपुर में 51 वीं यू पी बटालियन एनसीसी के तत्वावधान में जवाहर नवोदय विद्यालय में चल रहे दस दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के चौथे दिन शनिवार को कैडेटों को फायरिंग के गुर सिखाये गए। शिविर में कैडेटों को थल सेना भर्ती कार्यालय बरेली की टीम ने सेना में भर्ती होने के लिए प्राथमिक जानकारी दी।
23 मई की सुबह कैडेटों के दिन का प्रारूप पी टी ड्रिल और योगाभ्यास से हुआ। इसके पश्चात कैडेटों को फायरिंग रेंज पर ले जाकर फायरिंग के गुर सिखाया गया। बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल अरविंद प्रताप सिंह पटवाल ने कैडेटों को संबोधित करते हुए कहा कि कैम्प में फायरिंग के गुर सीखने का मुख्य उद्देश्य कैडेट्स में साहस, एकाग्रता, और अनुशासन का विकास करना है। इसके माध्यम से युवाओं को हथियारों के संचालन, लक्ष्य भेदने की कला, और विपरीत परिस्थितियों में मानसिक संतुलन बनाए रखने का प्रशिक्षण दिया जाता है ताकि उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार किया जा सके। इसके पूर्व शुक्रवार की देर शाम को कैम्प में थल सेना भर्ती कार्यालय बरेली की टीम ने कैडेटों को सेना में भर्ती होने के लिये प्राथमिक जानकारी के साथ साथ आवश्यक डॉक्यूमेंट के बारे में बताया। इस अवसर पर बटालियन के एडम ऑफिसर कर्नल अनुराग गंजवार, एन सी सी अधिकारी मेजर आरिफ खान, लेफ्टिनेंट उदय भान, सूबेदार मेजर विनय घोष, सूबेदार नंद सिंह व बीएचएम रजनीश सहित कई अधिकारी व पी आई स्टाफ मौजूद रहे।
एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ