खरगूपुर पुलिस को मिली सफलता, असलहा बनाने के उपकरण भी बरामद
क्राइम जंक्शन संवाददाता
गोंडा। पुलिस ने अवैध शस्त्र बनाने का कारखाना व कई निर्मित तथा अर्धनिर्मित तमंचों के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बड़े पैमाने पर उपकरण भी मौके से मिले हैं।
खरगूपुर थानाध्यक्ष संतोष कुमार तिवारी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर कुआनो नदी के किनारे भया पुरवा लालनगर के पास देर रात छापा मारकर दो लोगों को असलहा बनाते समय गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी मंगल प्रसाद उर्फ गज्जू पुत्र मुनउ निवासी भया पुरवा लाल नगर तथा सती राम उर्फ शक्ती पुत्र सीता राम निवासी पचरन पृथ्वीनाथ चौराहा के पास से मौके पर दो निर्मित तथा एक अर्ध निर्मित तमंचे के साथ ही चार कारतूस बरामद किया गया।
थानाध्यक्ष श्री तिवारी ने बताया कि अवैध शस्त्रों को बनाने के लिए इस्तेमाल करने वाला छह लोहे की नाल, छह पत्ती, रिपिट, छीनी, हथौड़ा, पिलास आदि उपकरण भी बरामद हुआ है। बताया जाता है कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पुलिस इस समय अपराधियों के विरुद्ध अभियान चला रही है, जिसके तहत पुलिस के हाथ यह बड़ी कामयाबी लगी है।उन्होंने बताया कि पकड़े गए दोनों आरोपियों के विरूद्ध पूर्व में खरगूपुर, मोतीगंज आदि थानों में गैंगस्टर, गुंडा एक्ट, लूट, चोरी तथा चोरी की योजना बनाने आदि आरोप में मामला दर्ज है।
अवैध शस्त्र बनाने के कारखाना तथा निर्मित व अर्ध निर्मित तमंचा के साथ ही उपकरण सहित दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने वालों में थानाध्यक्ष संतोष कुमार तिवारी के अलावा वरिष्ठ उपनिरीक्षक कन्हैया दीक्षित, उपनिरीक्षक युगराज तिवारी, विजय कुमार यादव, आरक्षी रवींद्र नाथ मौर्य, शशि कपूर यादव, राजमनी यादव शामिल हैं। पकड़े गए आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज जेल रवाना कर दिया गया है।


Nice coverage
जवाब देंहटाएं